दुर्गा स्थान कमेटी विवाद में DM का बड़ा बयान, बोले- धार्मिक न्यास परिषद ही कर सकती है बदलाव

कटिहार के प्रसिद्ध दुर्गा स्थान मंदिर की कमेटी के गठन को लेकर पुरानी और नई कमेटी के बीच चल रहे विवाद में अब जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी का बयान सामने आया है।

कमेटी के गठन को लेकर पूर्व कमेटी की ओर से कई सवाल उठाए गए थे। आरोप लगाया गया था कि कमेटी के गठन में नियमों का पालन नहीं किया गया और कुछ ऐसे लोगों को पद दिया गया है, जिनकी पात्रता को लेकर सवाल हैं।

इन आरोपों के बीच जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा स्थान मंदिर की कमेटी का गठन अनुमंडल पदाधिकारी की अनुशंसा के आधार पर किया गया था। उन्होंने बताया कि कमेटी का गठन बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के स्तर से अंतिम रूप से हो चुका है।

डीएम ने कहा कि अगर कमेटी में किसी तरह का बदलाव या संशोधन किया जाना है, तो यह निर्णय धार्मिक न्यास परिषद के स्तर से ही लिया जाएगा। जिला प्रशासन की ओर से अब अपनी तरफ से कमेटी में बदलाव नहीं किया जाएगा।

डीएम के इस बयान के बाद अब दुर्गा स्थान कमेटी को लेकर चल रहे विवाद में गेंद धार्मिक न्यास परिषद के पाले में चली गई है। पुरानी कमेटी की आपत्तियों और नई कमेटी के गठन के बीच अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि धार्मिक न्यास परिषद की ओर से इस मामले में कोई नया आदेश या संशोधन किया जाता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *