जमशेदपुर में बाढ़ का खतरा गहराया, होटल अलकोर-रामादा के सामने सड़क पर पहुंचा खरकई का पानीजमशेदपुर में बाढ़ का खतरा गहराया, होटल अलकोर-रामादा के सामने सड़क पर पहुंचा खरकई का पानी
जमशेदपुर। लगातार हो रही बारिश और विभिन्न बांधों के फाटक खोले जाने के बाद जमशेदपुर में बाढ़ का संकट लगातार गहराता जा रहा है। चांडिल डैम के 13 और ओडिशा स्थित बैंगविल डैम के दो फाटक खोले जाने के बाद खरकई नदी का जलस्तर तेजी से बढ़ रहा है। इसका असर अब शहर के प्रमुख इलाकों में भी दिखाई देने लगा है।
शुरुआत में नदी किनारे और निचले इलाकों में पानी घुसा था, लेकिन जलस्तर बढ़ने के साथ अब बिष्टुपुर स्थित होटल अलकोर और रामादा होटल के सामने मुख्य सड़क तक खरकई नदी का बाढ़ का पानी पहुंच गया है। पानी सड़क पर फैलने से इस मार्ग पर आवागमन प्रभावित हुआ है। बाढ़ का पानी देखने के लिए मौके पर लोगों की भीड़ भी जुट रही है।
जिला प्रशासन के अनुसार, आदित्यपुर ब्रिज के पास खरकई नदी का जलस्तर 129 मीटर के खतरे के निशान से ऊपर पहुंच चुका है। लगातार बारिश और ऊपरी जलग्रहण क्षेत्रों से पानी आने के कारण स्थिति और गंभीर होने की आशंका जताई जा रही है।
इधर, बागबेड़ा और मानगो के प्रभावित इलाकों में एनडीआरएफ की टीम ने मोर्चा संभालते हुए कई लोगों को रेस्क्यू कर सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाया है। प्रशासन की टीमें भी लगातार प्रभावित क्षेत्रों पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने नदी किनारे और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने तथा अनावश्यक रूप से नदी और तेज बहाव वाले पानी के करीब नहीं जाने की अपील की है। यदि जलस्तर इसी रफ्तार से बढ़ता रहा तो जमशेदपुर के कई अन्य इलाकों में भी बाढ़ का पानी प्रवेश कर सकता है।











