मुजफ्फरपुर में डबल मर्डर से सनसनी, दादा-पोती की पीट-पीटकर हत्या

मुजफ्फरपुर के साहेबगंज थाना क्षेत्र के प्रतापपट्टी वार्ड नंबर-3 में मंगलवार को आपसी रंजिश में दादा-पोती की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और तनाव का माहौल बन गया।

मृतकों की पहचान 60 वर्षीय भोला अंसारी और उनकी पोती अनम खातून के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों खाना खाने के बाद घर के एक कमरे में सो रहे थे। इसी दौरान साहेबगंज थाना रोड निवासी वासिर मियां के 27 वर्षीय पुत्र मोहम्मद अल्ताफ अंसारी कथित तौर पर लोहे की खंती लेकर घर में घुसा और भोला अंसारी पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इसके बाद आरोपी ने उनकी पोती अनम खातून पर भी हमला किया। गंभीर हालत में बच्ची को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

बीच-बचाव करने पहुंचे भोला अंसारी के 35 वर्षीय पुत्र मोहम्मद शमीम भी गंभीर रूप से घायल हो गए। हमले के दौरान आरोपी अल्ताफ अंसारी के घायल होने की भी बात सामने आई है। दोनों को बेहतर इलाज के लिए एसकेएमसीएच रेफर किया गया है। आरोपी को स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से पकड़ लिया गया, जिसके बाद पुलिस की निगरानी में उसका इलाज कराया जा रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल लोहे की खंती बरामद कर ली है। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसकेएमसीएच भेज दिया गया है।

एसपी ग्रामीण ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी विवाद और रंजिश की बात सामने आई है। आरोपी और पीड़ित परिवार आपस में पट्टीदार बताए जा रहे हैं। पुलिस मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *