पटना में पेंट फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग, दमकल की दर्जनों गाड़ियां मौके पर
बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के बैरिया-कर्णपुरा इलाके में मंगलवार को एक पेंट फैक्ट्री के गोदाम में भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने गोदाम के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग की तेज लपटों और घने धुएं के कारण मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की दर्जनों गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल की कई टीमें लगातार आग पर काबू पाने में जुटी हुई हैं। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास के इलाके में भी सतर्कता बरती जा रही है और आग को फैलने से रोकने का प्रयास किया जा रहा है।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। वहीं, इस हादसे में कितना आर्थिक नुकसान हुआ है और किसी के हताहत होने की जानकारी है या नहीं, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
दमकल कर्मियों का अभियान लगातार जारी है। आग पर पूरी तरह काबू पाने के बाद ही नुकसान और घटना के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आने की उम्मीद है।










