मिरचाईबाड़ी में चला अतिक्रमण हटाओ अभियान, 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूला

कटिहार। नगर निगम कटिहार की ओर से शुक्रवार, 21 अगस्त 2026 को मिरचाईबाड़ी हनुमान मंदिर से हरिशंकर नायक उच्च विद्यालय तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया। सुबह करीब 10:30 बजे शुरू हुए अभियान के दौरान सड़क और सार्वजनिक स्थलों पर किए गए अतिक्रमण को हटाया गया।

अभियान के दौरान सड़क और फुटपाथ पर सामान रखकर रास्ता बाधित करने वाले लोगों को सार्वजनिक मार्ग को अतिक्रमणमुक्त रखने की सख्त हिदायत दी गई। वहीं, नियमों का उल्लंघन करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम की टीम ने कुल 27 हजार रुपये का जुर्माना वसूल किया।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान नगर निगम के नोडल पदाधिकारी सह सिटी मैनेजर, सहायक अभियंता अभय कुमार, कनीय अभियंता अजय सिंह सहित अन्य पदाधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

नगर निगम प्रशासन ने दुकानदारों और आम लोगों से अपील की है कि वे सड़क, फुटपाथ और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर अतिक्रमण न करें। प्रशासन का कहना है कि सार्वजनिक मार्ग अतिक्रमणमुक्त रहने से शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने में मदद मिलेगी।

नगर निगम ने यह भी स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ आगे भी अभियान चलाकर कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *