बिहार की महिलाओं के लिए बड़ी घोषणाएं, ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ
पटना। बापू सभागार, पटना में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने ‘समृद्ध महिला-समृद्ध बिहार’ अभियान का शुभारंभ किया। इस दौरान उन्होंने महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार में महिला विश्वविद्यालय स्थापित किया जाएगा, जहां कुलपति से लेकर प्रोफेसर, कर्मचारी और छात्राएं सभी महिलाएं होंगी।
कार्यक्रम में बताया गया कि 7,376 महिलाओं का सरकारी नर्स के रूप में चयन हुआ है। वहीं, 31 मार्च तक 10 लाख जीविका दीदियों के घरों पर सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
सरकार ने 1 करोड़ महिलाओं को रोजगार उपलब्ध कराने और 1 करोड़ महिलाओं को लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य भी रखा है। इसके लिए पशुपालन, विनिर्माण और सेवा क्षेत्र में महिलाओं की आर्थिक भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री महिला रोजगार योजना के तहत 5 लाख महिला लाभुकों के खातों में DBT के माध्यम से 600 करोड़ रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। जीविका निधि से 10 हजार लाभुकों को ऋण और 112 ग्रामीण हाट के निर्माण कार्य का भी शुभारंभ किया गया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महिलाओं का सशक्तिकरण ही समृद्ध बिहार की मजबूत नींव है। महिलाओं को आत्मनिर्भर और आर्थिक रूप से सशक्त बनाकर विकसित भारत और समृद्ध बिहार के संकल्प को पूरा करना सरकार की प्राथमिकता है।











