RSS प्रमुख के नाम पर TMBU में बवाल! छात्र राजद और आइसा ने खोला मोर्चा
टीएमबीयू में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन से पहले विरोध, RSS प्रमुख के शामिल होने की खबर पर छात्र राजद और आइसा का प्रदर्शन
भागलपुर। तिलकामांझी भागलपुर विश्वविद्यालय (टीएमबीयू) में अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन के आयोजन से पहले ही विरोध शुरू हो गया है। विश्वविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग में आयोजित होने वाले इस सम्मेलन में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के क्षेत्रीय प्रमुख के शामिल होने की सूचना सामने आने के बाद छात्र संगठनों ने आपत्ति जताई है।
इसको लेकर छात्र राजद और आइसा के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में जोरदार प्रदर्शन किया और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारी छात्रों ने शैक्षणिक कार्यक्रम में RSS के क्षेत्रीय प्रमुख को आमंत्रित किए जाने पर सवाल उठाए। छात्र संगठनों का कहना है कि विश्वविद्यालय जैसे शैक्षणिक संस्थानों के आयोजनों में वैचारिक और राजनीतिक भागीदारी को लेकर स्पष्टता होनी चाहिए। इसी मुद्दे को लेकर कार्यकर्ताओं ने अपना विरोध दर्ज कराया।
सम्मेलन से पहले शुरू हुए इस विरोध ने विश्वविद्यालय में नई बहस छेड़ दी है। अब चर्चा इस बात को लेकर है कि शैक्षणिक आयोजनों में सामाजिक और वैचारिक संगठनों से जुड़े लोगों की भागीदारी की सीमा क्या होनी चाहिए? वहीं, सम्मेलन के आयोजकों और विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से इस विवाद पर आधिकारिक पक्ष सामने आना बाकी है। फिलहाल छात्र संगठनों के प्रदर्शन के बाद अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन को लेकर विश्वविद्यालय परिसर में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रिपोर्ट: श्यामानंद सिंह, भागलपुर











