आधी रात को भागलपुर जेल में घुसी पुलिस की टीम, SSP ने संभाली कमान, तीन घंटे तक चली तलाशी
आधी रात को विशेष केंद्रीय कारा में पुलिस की बड़ी छापेमारी, SSP समेत कई वरीय अधिकारी रहे मौजूद
भागलपुर। विशेष केंद्रीय कारा, भागलपुर में आधी रात को पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की। वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) के नेतृत्व में करीब तीन घंटे तक सघन औचक छापेमारी एवं तलाशी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई से जेल परिसर में अफरा-तफरी का माहौल रहा।
छापेमारी अभियान का नेतृत्व भागलपुर के वरीय पुलिस अधीक्षक ने किया। इस दौरान प्रभारी जिलाधिकारी, नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सहित कई अन्य वरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। संयुक्त टीम ने जेल के विभिन्न वार्डों, बैरकों और संवेदनशील स्थानों की बारीकी से तलाशी ली। साथ ही कारा परिसर की आंतरिक सुरक्षा व्यवस्था एवं विधि-व्यवस्था से जुड़े विभिन्न पहलुओं का भी जायजा लिया गया।
छापेमारी का मुख्य उद्देश्य जेल के अंदर संभावित आपराधिक गतिविधियों पर रोक लगाना और प्रतिबंधित एवं अवैध सामग्रियों के प्रवेश, भंडारण तथा उपयोग को पूरी तरह नियंत्रित करना था। पुलिस एवं जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया कि कारा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जेल के अंदर से आपराधिक गतिविधियों के संचालन की संभावना को समाप्त करने के लिए इस तरह के औचक निरीक्षण और विशेष छापेमारी अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
भागलपुर पुलिस ने कहा कि अपराध नियंत्रण, विधि-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए पुलिस एवं जिला प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है।
रिपोर्ट: श्यामानंद सिंह, भागलपुर











