बच्चों के साथ अपराधी जैसा नहीं, संवेदनशीलता से करें व्यवहार! कटिहार DM ने पुलिस को दिए सख्त निर्देश

कटिहार में बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों का प्रशिक्षण, डीएम बोले- बच्चों के प्रति संवेदनशीलता ही असली पुलिसिंग

पॉक्सो और किशोर न्याय अधिनियम के प्रावधानों की दी गई जानकारी, बाल अपराध के मामलों में त्वरित एवं संवेदनशील कार्रवाई का निर्देश

कटिहार। बच्चों की सुरक्षा, संरक्षण और उनके अधिकारों को सुनिश्चित करने के उद्देश्य से शुक्रवार, 27 नवंबर 2026 को कटिहार के वृहद आश्रय गृह में बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में जिले के सभी थानों में पदस्थापित बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों को किशोर न्याय (बालकों की देखरेख और संरक्षण) अधिनियम, 2015 तथा लैंगिक अपराधों से बालकों का संरक्षण (पॉक्सो) अधिनियम, 2012 के प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने दीप प्रज्वलित कर किया।

इस अवसर पर डीएम आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि बच्चों के प्रति संवेदनशीलता ही असली पुलिसिंग है। उन्होंने कहा कि किसी बच्चे के थाने पहुंचने पर उसके साथ अपराधी जैसा व्यवहार नहीं होना चाहिए, बल्कि उसे सहायता और संरक्षण की आवश्यकता रखने वाले बच्चे के रूप में देखा जाना चाहिए। पुलिस पदाधिकारियों को बच्चों के साथ बाल मैत्रीपूर्ण व्यवहार अपनाने का निर्देश दिया गया। डीएम ने पॉक्सो अधिनियम के तहत दर्ज मामलों की जांच में अनावश्यक देरी नहीं करने, पीड़ित बच्चे की पहचान गोपनीय रखने और उसे मानसिक दबाव से बचाने पर विशेष जोर दिया। वहीं, विधि से संघर्षरत किशोरों के मामलों में दंडात्मक कार्रवाई के बजाय सुधारात्मक दृष्टिकोण अपनाने की बात कही।

प्रशिक्षण के दौरान पॉक्सो मामलों की जांच प्रक्रिया समझाई गई। इसमें एफआईआर दर्ज करने, मेडिकल जांच, पीड़ित बच्चों का बयान लेने और कानूनी प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण प्रावधानों की जानकारी दी गई। इसके अलावा किशोर न्याय बोर्ड, बाल कल्याण समिति और जिला बाल संरक्षण इकाई की भूमिका पर भी विस्तार से चर्चा हुई। बाल विवाह, बाल तस्करी, बाल श्रम और गुमशुदा बच्चों से जुड़े मामलों में पुलिस की जिम्मेदारियों को समझाया गया। प्रतिभागियों को चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, महिला हेल्पलाइन 181 और आपातकालीन सेवा 112 की कार्यप्रणाली से भी अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, जिला बाल संरक्षण पदाधिकारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के प्रतिनिधि, बाल कल्याण समिति एवं किशोर न्याय बोर्ड के सदस्य सहित जिले के सभी थानों के बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के समापन पर सभी प्रतिभागियों ने बच्चों की सुरक्षा, अधिकारों और संरक्षण के लिए संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *