मलाला की किताब पढ़ने पर अहमदाबाद में बवाल, AUDA गार्डन में भिड़े दो पक्ष
गुजरात के अहमदाबाद के वस्त्रापुर स्थित AUDA गार्डन में मलाला यूसुफजई और ऐन फ्रैंक की किताबों के सार्वजनिक पाठ को लेकर विवाद हो गया। Student and Youth Collective की ओर से आयोजित इस रीडिंग सेशन में लोग ‘I Am Malala’ समेत अन्य किताबें पढ़ रहे थे। यह कार्यक्रम एक निजी स्कूल द्वारा इन किताबों को अनिवार्य रीडिंग लिस्ट से हटाए जाने के विरोध में आयोजित किया गया था।
रिपोर्टों के मुताबिक, कार्यक्रम के दौरान खुद को बजरंग दल और VHP से जुड़ा बताने वाले कुछ लोगों ने किताबों को लेकर आपत्ति जताई। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया और मारपीट की स्थिति बन गई। पुलिस के अनुसार, घटना में दो लोगों को मामूली चोटें आई हैं।
मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। शिकायत के आधार पर दंगा और गैरकानूनी जमावड़े समेत विभिन्न धाराओं में FIR दर्ज की गई है। पुलिस ने मामले में आगे की जांच जारी रखने की बात कही है।
विवाद की शुरुआत अहमदाबाद के एक निजी स्कूल में ‘I Am Malala’ और ऐन फ्रैंक की किताब को लेकर हुए विरोध से हुई थी। विरोध के बाद स्कूल ने दोनों पुस्तकों को अनिवार्य सूची से हटाकर वैकल्पिक कर दिया था।











