पोठिया चांदपुर में सो रहे व्यक्ति की गोली मारकर हत्या, इलाके में मचा हड़कंप

कटिहार। पोठिया थाना क्षेत्र के पूर्वी चांदपुर पंचायत के वार्ड संख्या-1 में बीती रात एक व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान नंदन कुमार यादव (40 वर्ष), पिता रामावतार यादव के रूप में हुई है।

बताया जा रहा है कि नंदन कुमार यादव खाना खाने के बाद घर के दरवाजे पर बने मचान पर सोने चले गए थे। इसी दौरान अज्ञात अपराधियों ने उन्हें गोली मार दी। परिजनों के अनुसार, नंदन के सिर में गोली लगी थी।

मृतक की पत्नी रम्भा देवी ने बताया कि सुबह जब उनकी नजर पति पर पड़ी तो उनके सिर से खून निकल रहा था। इसके बाद आसपास के लोगों और पुलिस को घटना की जानकारी दी गई।

जानकारी के मुताबिक, नंदन कुमार यादव को दो गोलियां मारी गईं, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। मृतक अपने पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चों—आरती कुमारी, खुशी कुमारी और निलेश कुमार—को छोड़ गए हैं।

घटना की सूचना मिलते ही पोठिया थानाध्यक्ष नवीन कुमार, अपर थानाध्यक्ष अमित कुमार, एसआई धर्मेंद्र कुमार, एसआई श्रीराम राय समेत पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेते हुए साक्ष्य जुटाने और हत्या के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

फिलहाल हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस विभिन्न बिंदुओं पर जांच कर रही है। अपराधियों की पहचान और घटना के कारण का खुलासा पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगा।

वहीं, स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विभूति यादव, सरपंच आलोक शेखर, पंचायत समिति प्रतिनिधि धीरेन्द्र यादव, राजद प्रखंड अध्यक्ष विनोद कुमार यादव और राजद युवा नेता मिथुन कुमार यादव समेत जनप्रतिनिधियों एवं समाजसेवियों ने घटना की निंदा करते हुए पुलिस से दोषियों की पहचान कर कार्रवाई की मांग की है

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *