कटिहार डीएम का अनोखा अंदाज: बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन, फिर खुद धोई अपनी थाली; शिक्षक बनकर ली क्लास
कटिहार, 06 अक्टूबर 2026। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी मंगलवार को मिडिल स्कूल रौतारा पहुंचे, जहां उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था और उपलब्ध सुविधाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने छात्र-छात्राओं से सीधे संवाद किया और उनकी पढ़ाई, रुचि एवं अनुभवों के बारे में जानकारी ली।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। उन्होंने विभिन्न कक्षाओं में जाकर बच्चों की पढ़ाई का जायजा लिया। इसी क्रम में डीएम स्वयं बच्चों को पढ़ाने लगे और बारी-बारी से छात्र-छात्राओं से सवाल पूछकर उनकी समझ और शैक्षणिक स्तर को जानने का प्रयास किया।
डीएम ने विद्यार्थियों से बातचीत करते हुए नियमित पढ़ाई, अनुशासन और बेहतर भविष्य के लिए मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने बच्चों की बातों को ध्यानपूर्वक सुना और उनकी पढ़ाई से जुड़ी रुचियों एवं अनुभवों को जाना। कक्षा में जिला पदाधिकारी को अपने बीच शिक्षक की भूमिका में देखकर बच्चों में भी उत्साह देखने को मिला।
बच्चों के साथ बैठकर किया भोजन
विद्यालय निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने बच्चों के साथ बैठकर मध्याह्न भोजन किया। भोजन करने के बाद उन्होंने अपनी थाली स्वयं धोई। डीएम के इस अंदाज ने विद्यालय में मौजूद छात्र-छात्राओं और शिक्षकों का ध्यान आकर्षित किया। अपनी थाली खुद धोकर उन्होंने स्वच्छता और आत्मनिर्भरता का संदेश भी दिया।
इसके बाद जिला पदाधिकारी ने विद्यालय के शिक्षकों के साथ भी संवाद किया। उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक व्यवस्था, उपलब्ध सुविधाओं और विभिन्न गतिविधियों के संबंध में शिक्षकों से जानकारी ली। डीएम ने शिक्षकों से उनके सुझाव और अनुभव भी जाने, ताकि विद्यालय में शैक्षणिक वातावरण को और बेहतर बनाया जा सके।
विद्यालय में मौजूद शिक्षकों ने उपलब्ध नई एवं आधुनिक सुविधाओं तथा बेहतर शैक्षणिक वातावरण के प्रति संतोष व्यक्त किया। जिला पदाधिकारी ने विद्यालय की व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए बच्चों की शिक्षा को प्राथमिकता देने और गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक माहौल बनाए रखने पर जोर दिया।
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त कटिहार डॉ. नेहा और विशेष कार्य पदाधिकारी अभिषेक रंजन समेत विद्यालय के प्राचार्य, सभी शिक्षक एवं शिक्षकेत्तर कर्मी मौजूद रहे। विद्यालय परिवार की ओर से जिला पदाधिकारी के प्रेरणादायी मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया गया।
डीएम आशुतोष द्विवेदी का बच्चों के साथ भोजन करना, अपनी थाली स्वयं धोना और कक्षा में शिक्षक की भूमिका निभाना निरीक्षण के दौरान खास चर्चा का विषय रहा।
रिपोर्ट: KTN News Desk











