रौतारा पंचायत सहयोग शिविर

रौतारा पंचायत में लगा सहयोग शिविर, जनता के बीच पहुंचा प्रशासन; डीएम ने व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कटिहार, 06 अक्टूबर 2026। आमजनों की समस्याओं और शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं समयबद्ध निष्पादन के उद्देश्य से मंगलवार को कोढ़ा प्रखंड अंतर्गत रौतारा पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर के माध्यम से पंचायत स्तर पर ही आम लोगों की समस्याओं को सुनकर संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान की प्रक्रिया शुरू की गई।

जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने रौतारा पंचायत पहुंचकर सहयोग शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने शिविर में पहुंचे आमजनों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं एवं शिकायतों की जानकारी ली। डीएम ने शिविर में प्राप्त आवेदनों के पंजीकरण, संबंधित विभागों को अग्रसारण तथा उनके निष्पादन की प्रक्रिया का भी जायजा लिया।

आमजनों से संवाद के दौरान जिला पदाधिकारी ने रौतारा पंचायत की जनता को जागरूक बताया। उन्होंने लोगों से अपनी समस्याओं और सरकारी योजनाओं से संबंधित मामलों को शिविर के माध्यम से रखने की अपील की, ताकि संबंधित विभागों द्वारा नियमानुसार कार्रवाई की जा सके।

शिविर में विभिन्न सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों को संबंधित प्रमाण पत्र भी उपलब्ध कराए गए। उप विकास आयुक्त कटिहार डॉ. नेहा ने विभिन्न योजनाओं से संबंधित परिवादकर्ताओं को प्रमाण पत्र सौंपकर उन्हें लाभान्वित किया।

निरीक्षण के दौरान जिला पदाधिकारी ने मौके पर मौजूद पदाधिकारियों और कर्मियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि सहयोग शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ लिया जाए। उन्होंने कहा कि प्राप्त आवेदनों का नियमानुसार एवं निर्धारित समय-सीमा के भीतर निष्पादन सुनिश्चित किया जाए, ताकि लोगों को अपनी समस्याओं के समाधान के लिए अनावश्यक परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

सहयोग शिविर में विशेष कार्य पदाधिकारी, कटिहार अभिषेक रंजन भी मौजूद रहे। शिविर में विभिन्न विभागों से संबंधित मामलों को लेकर आम लोगों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें अधिकारियों के समक्ष रखीं।

जिला प्रशासन की ओर से आयोजित सहयोग शिविर का उद्देश्य प्रशासन को पंचायत स्तर तक पहुंचाना और आम नागरिकों को सरकारी सेवाओं एवं शिकायत निवारण की सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध कराना है। इससे लोगों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए बार-बार जिला या प्रखंड कार्यालयों का चक्कर लगाने की आवश्यकता कम होगी।

प्रशासन की इस पहल का मूल उद्देश्य “पंचायत तक प्रशासन की पहुंच और समस्याओं का समाधान आपके द्वार” की भावना के अनुरूप आमजनों को सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *