- भागलपुर में ब्राउन शुगर बरामदगी मामले में पुलिस की कार्रवाई

भागलपुर में ब्राउन शुगर के साथ 3 तस्कर गिरफ्तार, 403.20 ग्राम मादक पदार्थ बरामद

भागलपुर: जिले में मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सबौर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने सबौर रेलवे स्टेशन के पास से 403.20 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल फोन के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक महिला भी शामिल है।

पुलिस के अनुसार, वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर युवाओं को नशे से बचाने और मादक पदार्थों की तस्करी पर रोक लगाने के लिए ‘स्वस्थ युवा, स्वस्थ भागलपुर’ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 11 अक्टूबर 2026 को सबौर थाना पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कुछ लोग रेलवे स्टेशन से बाहर निकलकर मादक पदार्थों की तस्करी करने वाले हैं।

पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी

सूचना के सत्यापन और कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक नगर की निगरानी में पुलिस टीम गठित की गई। टीम जब सबौर रेलवे स्टेशन के पास पहुंची तो पुलिस के अनुसार, कुछ संदिग्ध लोग भागने लगे। इसके बाद पुलिस बल की मदद से तीनों को पकड़ लिया गया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जय नन्दन कुमार, सोनम प्रिया और कृष्ण कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से 403.20 ग्राम ब्राउन शुगर और तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

मामले की जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने बताया कि मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल अन्य लोगों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है।

 

रिपोर्ट: श्यामानंद सिंह, भागलपुर

Published: 13 October 2026

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *