लोकप्रियता की दौड़ या सच की जिम्मेदारी? कटिहार में पत्रकारिता की भूमिका पर मंथन
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर उठा बड़ा सवाल- Populist Journalism या Responsible Journalism?
कटिहार: राष्ट्रीय प्रेस दिवस के अवसर पर मंगलवार को एनआईसी सभागार, कटिहार में ‘Journalism – Populist or Responsible’ विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इसमें जिले के प्रतिष्ठित प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों ने पत्रकारिता की वर्तमान स्थिति, संभावनाओं, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर अपने विचार रखे।
संगोष्ठी को संबोधित करते हुए जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि पत्रकारिता महज एक पेशा नहीं, बल्कि समाज और लोकतंत्र के प्रति एक महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। निष्पक्षता, तथ्यात्मक प्रामाणिकता और विश्वसनीयता ही पत्रकारिता की वास्तविक पहचान और सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता का दायित्व केवल घटनाओं और खबरों को लोगों तक पहुंचाना नहीं, बल्कि आमजन की आवाज बनना, जनहित के मुद्दों को प्रमुखता से उठाना तथा सत्ता और व्यवस्था को जवाबदेह बनाने में अपनी सार्थक भूमिका निभाना भी है।
डीएम ने कहा कि वर्तमान दौर में सूचनाओं की बाढ़ और भ्रामक खबरों की बढ़ती चुनौती के बीच पत्रकारिता की जिम्मेदारी और अधिक बढ़ गई है। ऐसे समय में पत्रकारिता को अपनी विश्वसनीयता, निष्पक्षता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोपरि रखना चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर सभी पत्रकारों से कलम की गरिमा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, निष्पक्षता और जनविश्वास बनाए रखने का संकल्प लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता की असली ताकत केवल उसकी कलम में नहीं, बल्कि उस कलम से निर्भीकता और ईमानदारी के साथ लिखे गए सच में निहित है।
इस दौरान जिला पदाधिकारी ने संगोष्ठी में उपस्थित सभी पत्रकारों के विचारों का तहेदिल से स्वागत किया और चर्चा को उपयोगी एवं विचारोत्तेजक बताया।











