इंदिरा गांधी की जयंती पर अजीत शर्मा ने दी श्रद्धांजलि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया नमन
कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने पूर्व प्रधानमंत्री के योगदान को किया याद, उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का लिया संकल्प
रिपोर्ट : श्यामानंद सिंह, भागलपुर
भागलपुर: भारत की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की जयंती के अवसर पर भागलपुर में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस मौके पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा के आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के साथ इंदिरा गांधी के तैलचित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री के व्यक्तित्व और देश के प्रति उनके योगदान को याद किया।
इस अवसर पर पूर्व विधायक अजीत शर्मा ने कहा कि इंदिरा गांधी ने देश के विकास, एकता और अखंडता के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया। अपने दृढ़ नेतृत्व और साहसिक फैसलों के माध्यम से उन्होंने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत की अलग पहचान बनाई। देश के प्रति उनका समर्पण और उनके द्वारा किए गए कार्य हमेशा याद किए जाते रहेंगे।
अजीत शर्मा ने आगे कहा कि इंदिरा गांधी का जीवन हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके विचारों और आदर्शों को आत्मसात करना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। कार्यक्रम में मौजूद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भी इंदिरा गांधी के बताए रास्ते पर चलने तथा उनके विचारों और आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लिया।











