बेतिया में सेनको गोल्ड डकैती के बाद भागलपुर पुलिस अलर्ट, ज्वेलरी दुकानों में लगेंगे पैनिक अलार्म

एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्वर्णकार संघ और आभूषण कारोबारियों के साथ की मैराथन बैठक, प्रमुख सर्राफा बाजारों में बढ़ाई गई पुलिस गश्ती

भागलपुर: बेतिया के सेनको गोल्ड शोरूम में करोड़ों रुपये की डकैती की घटना के बाद भागलपुर पुलिस भी अलर्ट मोड में आ गई है। जिले में आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा मजबूत करने के लिए एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने स्वर्णकार संघ और शहर के प्रमुख आभूषण व्यवसायियों के साथ दो घंटे से अधिक समय तक बैठक की। बैठक में जिले के सभी डीएसपी और प्रमुख थानों के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे।

भागलपुर ज्वेलरी दुकान सुरक्षा

बैठक में आभूषण दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। एसएसपी ने सभी ज्वेलरी दुकानों में बेहतर सीसीटीवी कैमरे लगाने, सुरक्षा गार्ड तैनात करने और दुकानों के आसपास संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष नजर रखने का निर्देश दिया। इसके साथ ही सभी प्रमुख आभूषण दुकानों में पैनिक अलार्म सिस्टम लगाने का निर्णय लिया गया। इस अलार्म का सीधा संपर्क संबंधित थाने से रहेगा। किसी भी आपात स्थिति में दुकानदार के अलार्म दबाते ही पुलिस को सूचना मिल सकेगी, जिससे तत्काल कार्रवाई की जा सकेगी।

एसएसपी ने बताया कि सोना पट्टी समेत शहर के प्रमुख सर्राफा बाजारों में पुलिस गश्ती बढ़ा दी गई है। आभूषण कारोबारियों को संबंधित पुलिस अधिकारियों के मोबाइल नंबर भी उपलब्ध कराए गए हैं, ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि या आपात स्थिति में तत्काल पुलिस से संपर्क किया जा सके।

शहर के पांच प्रमुख एंट्री पॉइंट पर वाहन जांच

अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और शहर में उनकी घुसपैठ रोकने के उद्देश्य से पांच प्रमुख एंट्री पॉइंट पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू किया गया है। पुलिस द्वारा संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि आभूषण कारोबारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और भविष्य में इस तरह की आपराधिक घटनाओं को रोकने के लिए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जा रहा है।

बैठक में आभूषण कारोबारी विशाल आनंद और विशाल वर्मा ने भी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अपनी बात रखी। वहीं एसएसपी प्रमोद कुमार यादव ने कारोबारियों को पुलिस प्रशासन की ओर से हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।

रिपोर्ट: श्यामानंद सिंह, भागलपुर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *