मणिपुर जहरीली शराब कांड

मणिपुर में जहरीली शराब से 15 मौतें, राहुल गांधी ने BJP पर साधा निशाना

मणिपुर में जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत

मणिपुर के चंदेल जिले में कथित तौर पर जहरीली शराब पीने से 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 180 से अधिक लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है. इस घटना के बाद राज्य सरकार ने हेल्थ अलर्ट जारी कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, ये मौतें 18 से 20 नवंबर के बीच मुख्य रूप से चकपिकारोंग उपमंडल और इसके आसपास के इलाकों में हुई हैं. पीड़ितों में मेथनॉल पॉइजनिंग (जहरीली शराब के असर) जैसे लक्षण दिखने के बाद कई गंभीर मरीजों को बेहतर इलाज के लिए इंफाल के अस्पतालों में रेफर किया गया है.

पीड़ितों को उल्टी, पेट दर्द, चक्कर आना, सिरदर्द, धुंधला दिखाई देना और सांस लेने में तकलीफ जैसी गंभीर शिकायतें हुई थीं. इनमें से कुछ मरीजों की हालत नाजुक बनी हुई है और उन्हें आईसीयू में रखा गया है. पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि पीड़ितों ने जो शराब पी थी, उसे पड़ोसी जिले काकचिंग के सुगनू इलाके से खरीदा गया था. पुलिस ने ये भी बताया कि चंदेल जिले में स्थानीय स्तर पर पारंपरिक शराब बनाने की कोई जानकारी नहीं है.

प्रशासन ने पब्लिक एडवाइजरी जारी की

मणिपुर के जिरीबाम जिला प्रशासन की ओर से एक पब्लिक एडवाइजरी जारी की गई है. एडवाइजरी में कहा गया है कि स्थानीय तौर पर बनी शराब और संदिग्ध मूल के अल्कोहलिक ड्रिंक्स का सेवन न किया जाए. प्रशासन की ओर से नकली शराब के सेवन से जुड़ी मौतों की रिपोर्ट के बाद अपील की गई है. एडवाइजरी में लोगों से स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सावधानी बरतने के लिए कहा गया है.

संदिग्ध शराब के स्टॉक को लेकर चेतावनी

प्रशासन की ओर से लोगों को सख्त सलाह दी है कि वे अगली सूचना तक स्थानीय तौर पर बनी शराब, खुली शराब, बिना लेबल वाले कंटेनर में बिकने वाले अल्कोहलिक ड्रिंक्स या अनजान सोर्स से मिले उत्पाद का सेवन न करें. एडवाइजरी में लोगों को किसी भी संदिग्ध शराब के स्टॉक को पीने, बेचने, शेयर करने, बांटने या फेंकने के खिलाफ भी चेतावनी दी गई है और उनसे पुलिस या एक्साइज अधिकारियों को सूचित करने का आग्रह किया ताकि संदिग्ध प्रोडक्ट्स को जब्त किया जा सके और सुरक्षित रूप से उनकी जांच की जा सके.

एडवाइजरी में इस बात पर भी जोर दिया गया कि अगर किसी ने संदिग्ध शराब पी हो, तो तुरंत मेडिकल जांच कराना जरूरी है, भले ही उसमें कोई लक्षण न दिख रहे हों. इसमें चेतावनी दी गई है कि उल्टी, पेट दर्द, सिरदर्द, चक्कर आना, धुंधला दिखना, असामान्य कमजोरी, कन्फ्यूजन और सांस लेने में दिक्कत जैसे लक्षण पॉइजनिंग का संकेत हो सकते हैं और इसके लिए तुरंत मेडिकल मदद की जरूरत होती है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *