पाकिस्तानी मंत्री भारत में! ताजमहल देखने जाएंगे, क्या सुधरेंगे भारत-पाकिस्तान के रिश्ते?
ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार भारत पहुंचे पाकिस्तानी मंत्री, ताजमहल का दीदार करेगा प्रतिनिधिमंडल; रिश्तों में सुधार की उम्मीद?
नई दिल्ली: भारत और पाकिस्तान के बीच तनावपूर्ण संबंधों के बीच एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम सामने आया है। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पहली बार पाकिस्तान के एक मंत्री भारत के दौरे पर पहुंचे हैं। पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री मुसादिक मलिक शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के सभ्यतागत संवाद मंच में शामिल होने के लिए नई दिल्ली आए हैं। इस दौरे की खास बात यह है कि पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल दिल्ली में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के साथ-साथ आगरा जाकर विश्व प्रसिद्ध ताजमहल का दीदार भी करेगा।
जानकारी के मुताबिक, पाकिस्तान के मंत्री मुसादिक मलिक के साथ SCO की डायरेक्टर आयशा मीर भी भारत पहुंची हैं। भारत की मेजबानी में 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली के ऐतिहासिक पुराना किला परिसर में SCO सभ्यतागत संवाद मंच का आयोजन किया जा रहा है। इसमें चीन, पाकिस्तान, कजाकिस्तान, ईरान, ताजिकिस्तान और उज्बेकिस्तान समेत संगठन के सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल के कार्यक्रम में ताजमहल के अलावा दिल्ली हाट और हुमायूं मकबरे का भ्रमण भी शामिल है। सूत्रों के अनुसार, प्रतिनिधिमंडल 23 नवंबर को भारत से वापस लौट सकता है।
इस बीच भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। कार्यक्रम के दौरान पाकिस्तानी मंत्री मुसादिक मलिक से जब पूछा गया कि क्या इस मंच के बाद दोनों देशों के रिश्तों में सुधार आएगा, तो उन्होंने सकारात्मक उम्मीद जताई। उन्होंने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि सभी देश व्यापक दृष्टिकोण अपनाते हुए राजनीतिक, सामाजिक और क्षेत्रीय मुद्दों पर विचार करेंगे। हालांकि, भारत का आतंकवाद को लेकर रुख स्पष्ट है। भारत लगातार कहता रहा है कि आतंकवाद और बातचीत एक साथ नहीं चल सकते। ऐसे में SCO का यह मंच सांस्कृतिक संवाद और क्षेत्रीय सहयोग का अवसर जरूर है, लेकिन इससे द्विपक्षीय संबंधों पर कितना असर पड़ेगा, यह आने वाले समय में स्पष्ट होगा।
Ediot- Shankar










