दियारा में पुलिस और STF का फ्लैग मार्च, किसानों को मिला भयमुक्त खेती का भरोसा
दियारा में पुलिस और STF का फ्लैग मार्च, किसानों को मिला भयमुक्त खेती का भरोसा
बरारी। दियारा क्षेत्र में अपराधियों की गतिविधियों पर अंकुश लगाने और किसानों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए शुक्रवार, 27 नवंबर को बरारी थाना पुलिस एवं एसटीएफ की संयुक्त टीम ने विशेष अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर टीम ने सर्वाराम दियारा, जौनिया दियारा और कान्तनगर दियारा में छापेमारी के साथ फ्लैग मार्च किया।
अभियान के दौरान पुलिस एवं एसटीएफ के जवानों ने दियारा के विभिन्न इलाकों में पहुंचकर संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी। साथ ही स्थानीय किसानों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं। पुलिस पदाधिकारियों ने किसानों को भरोसा दिलाया कि वे बिना किसी भय के अपने खेतों में खेती-किसानी करें। यदि कोई अपराधी या असामाजिक तत्व उन्हें धमकी देता है अथवा किसी प्रकार की परेशानी उत्पन्न करता है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि दियारा क्षेत्र में अपराधियों पर नकेल कसने और किसानों की सुरक्षा को लेकर अभियान लगातार जारी रहेगा। पुलिस और एसटीएफ की संयुक्त टीम नियमित रूप से छापेमारी एवं फ्लैग मार्च करेगी। अपराधी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











