कटिहार DM का मॉडल स्कूल में औचक निरीक्षण, बच्चों से संवाद कर पढ़ाई और पुस्तक पढ़ने पर दिया जोर
कटिहार: जिले के आजमनगर स्थित सरस्वती विद्या निकेतन (मॉडल स्कूल) आर.के. उच्च विद्यालय का गुरुवार को जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में शिक्षा की गुणवत्ता, शैक्षणिक माहौल और मूलभूत सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 1 से 8 तक के विद्यार्थियों से बातचीत की और विज्ञान, गणित,
सामान्य ज्ञान सहित विभिन्न विषयों से जुड़े सव पूछे। बच्चों के आत्मविश्वास और उनकी सीखने की क्षमता की सराहना करते हुए उन्होंने शिक्षकों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
विद्यालय के पुस्तकालय का निरीक्षण करते हुए डीएम ने प्रतिदिन 30 मिनट का ‘पुस्तक पढ़ने का समय’ निर्धारित करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शिक्षक बच्चों को कहानी, कविता और प्रेरणादायक पुस्तकें पढ़कर सुनाएं, ताकि उनमें पढ़ने की आदत विकसित हो सके।
इसके अलावा उन्होंने स्मार्ट क्लास, मध्याह्न भोजन, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और हरियाली की व्यवस्था का भी निरीक्षण किया। शिक्षकों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने, समय पर पाठ्यक्रम पूरा करने और कमजोर विद्यार्थियों के लिए अतिरिक्त कक्षाएं संचालित करने के निर्देश दिए।
प्रधानाचार्य से बातचीत में जिलाधिकारी ने कहा कि मॉडल स्कूल आसपास के विद्यालयों के लिए प्रेरणा बनें। प्रत्येक छात्र की मासिक प्रगति रिपोर्ट तैयार की जाए और अभिभावकों से नियमित संपर्क कर बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।
इस अवसर पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी, शिक्षा विभाग के अधिकारी, विद्यालय के शिक्षक एवं बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।










