वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष थीम पर होगा आयोजन, 12 अगस्त को निकलेगी जिला स्तरीय तिरंगा रैली

कटिहार | रिपोर्ट: आमिर खान

कटिहार जिले में ‘हर घर तिरंगा अभियान 2026’ को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने अभियान के सफल आयोजन के लिए विस्तृत आदेश जारी किया है। इस वर्ष अभियान ‘वंदे मातरम् के 150 वर्ष’ की थीम पर आयोजित किया जाएगा। इसका उद्देश्य प्रत्येक घर, कार्यालय और सार्वजनिक स्थल पर तिरंगा फहराकर देशभक्ति और राष्ट्रगौरव की भावना को मजबूत करना तथा अधिकतम जनभागीदारी सुनिश्चित करना है।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों, प्रखंडों और पंचायतों को अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन के निर्देश दिए हैं। अभियान के तहत तिरंगा रैली, ‘सेल्फी विद तिरंगा’, तिरंगा प्रदर्शनी, रंगोली, वंदे मातरम् का सामूहिक गायन, ऑनलाइन क्विज, निबंध एवं चित्रकला प्रतियोगिता, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सरकारी भवनों की त्रिवर्णीय प्रकाश सज्जा जैसे कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जीविका के माध्यम से प्रत्येक प्रखंड में कम-से-कम 4,000 राष्ट्रीय ध्वज उपलब्ध कराए जाएंगे, जिनका वितरण पंचायत प्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूहों, आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के माध्यम से आम लोगों तक किया जाएगा। लोगों को अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए भी प्रेरित किया जाएगा।

जिलाधिकारी के आदेश के अनुसार 12 अगस्त 2026 को जिला स्तर पर भव्य तिरंगा रैली आयोजित होगी। इसमें विद्यालयों, महाविद्यालयों, एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड, ‘मेरा युवा भारत’, खेल संघों, सामाजिक संगठनों और युवाओं की व्यापक भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।

सभी सरकारी कार्यालयों, शैक्षणिक संस्थानों, पंचायतों, नगर निकायों और प्रमुख सार्वजनिक स्थलों को अभियान के तहत विशेष कार्यक्रम आयोजित करने तथा प्रतिदिन की गतिविधियों की फोटो एवं वीडियो हर घर तिरंगा पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

DM आशुतोष द्विवेदी ने कहा कि “हर घर तिरंगा अभियान 2026” को जन-जन का अभियान बनाते हुए इसकी भावना और उद्देश्य को पूरी तरह साकार किया जाए तथा सभी संबंधित अधिकारी निर्धारित जिम्मेदारियों का समयबद्ध और प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *