अमित शाह से मिले NCPI के तीन सांसद, NDA बैठक से दूरी के बाद बढ़ीं राजनीतिक चर्चाएं
नई दिल्ली। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की हालिया बैठक से दूरी बनाने वाले NCPI के तीन सांसदों ने शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवास पर आयोजित नाश्ता बैठक से पहले हुई इस मुलाकात के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में नए सियासी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
ये तीनों सांसद पहले तृणमूल कांग्रेस (TMC) में थे और बाद में ममता बनर्जी का साथ छोड़कर काकोली घोष दस्तीदार के नेतृत्व वाले गुट ‘आसोल तृणमूल’, जिसे अब NCPI के नाम से जाना जाता है, में शामिल हो गए थे। इनमें मुर्शिदाबाद के सांसद अबू ताहेर खान, बहरामपुर के सांसद यूसुफ पठान और जंगीपुर के सांसद खलीलुर रहमान शामिल हैं।
हाल ही में दिल्ली में आयोजित NDA की बैठक में NCPI के अन्य सांसद तो शामिल हुए, लेकिन इन तीनों सांसदों ने बैठक से दूरी बनाई थी। उस समय उन्होंने स्पष्ट किया था कि वे भाजपा या NDA का हिस्सा नहीं हैं।
अमित शाह के साथ हुई मुलाकात में किन मुद्दों पर चर्चा हुई, इसे लेकर किसी भी पक्ष ने आधिकारिक तौर पर जानकारी नहीं दी है। हालांकि, इस मुलाकात के बाद यह अटकलें तेज हैं कि क्या इन सांसदों और NDA के बीच बनी दूरी कम करने की कोशिश की जा रही है।
NCPI सांसद शताब्दी रॉय ने मुलाकात पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पार्टी के पांचों सांसद गृह मंत्री से मिले थे। उनके अनुसार, बैठक में सभी सांसदों ने अपने-अपने संसदीय क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों और विभिन्न स्थानीय समस्याओं पर चर्चा की।
हालांकि, इस मुलाकात के राजनीतिक मायनों को लेकर फिलहाल कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। ऐसे में आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल की राजनीति में इसके प्रभाव पर सभी की नजर बनी रहेगी।










