ईरान पर ट्रंप का बड़ा बयान: ‘अमेरिका युद्ध नहीं, समझौता चाहता है’, परमाणु हथियार को बताया रेड लाइन
वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने ईरान को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि अमेरिका किसी बड़े सैन्य संघर्ष के बजाय कूटनीतिक समाधान और समझौते को प्राथमिकता देता है। हालांकि उन्होंने स्पष्ट किया कि ईरान को किसी भी कीमत पर परमाणु हथियार विकसित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी और इसे अमेरिका की ‘रेड लाइन’ बताया।
लास वेगास में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ट्रंप ने कहा कि हालिया सैन्य कार्रवाई के बाद ईरान काफी कमजोर हुआ है, लेकिन इसके बावजूद अमेरिका बातचीत और कूटनीति के रास्ते खुले रखना चाहता है।
ट्रंप ने कहा, “हम ईरान पर बढ़त बनाए हुए हैं। इसके बावजूद मैं समझौता करना पसंद करूंगा, क्योंकि मैं लोगों की जान नहीं लेना चाहता।” उन्होंने कहा कि यदि कूटनीति के जरिए समाधान संभव है तो युद्ध से बचना बेहतर विकल्प होगा।
अपने संबोधन में ट्रंप ने ईरान के प्रति अमेरिकी नीति की तुलना वेनेजुएला में अपनाए गए रुख से भी की। उनका दावा था कि अमेरिका को दोनों मामलों में रणनीतिक लाभ मिला है।
हालांकि ट्रंप ने दोहराया कि ईरान के परमाणु कार्यक्रम पर अमेरिका कोई समझौता नहीं करेगा और परमाणु हथियार हासिल करने की किसी भी कोशिश का कड़ा जवाब दिया जाएगा।










