कटिहार में डीएम ने सुनी 69 लोगों की फरियाद, अधिकारियों को त्वरित समाधान के दिए निर्देश
सात निश्चय–3 के तहत सोमवार और शुक्रवार को सभी अधिकारी कार्यालय में रहेंगे, लापरवाही पर होगी सख्त कार्रवाई
कटिहार, 07 अगस्त 2026 | रिपोर्ट: आमिर खान
बिहार सरकार के सात निश्चय–3 के अंतर्गत ‘सबका सम्मान–जीवन आसान (Ease of Living)’ कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कटिहार के जिलाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने शुक्रवार को समाहरणालय स्थित अपने कार्यालय कक्ष में आमजनों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 69 से अधिक परिवादकर्ताओं ने अपनी शिकायतें जिलाधिकारी के समक्ष रखीं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों की गंभीरता से जांच कर शीघ्र निष्पादन करते हुए प्रतिवेदन उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। भूमि विवाद, आपसी बंटवारा, अतिक्रमण, कल्याण, बैंकिंग, आपूर्ति, स्वास्थ्य, नगर पंचायत, पंचायती राज, विद्युत एवं अन्य विभागों से जुड़ी शिकायतें प्रमुख रूप से सामने आईं।
डीएम ने निर्देश दिया कि प्रत्येक सोमवार और शुक्रवार सभी पदाधिकारी अपने-अपने कार्यालयों में अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे, ताकि आम लोगों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके। उन्होंने सभी सरकारी कार्यालयों में आगंतुकों के लिए बैठने की व्यवस्था, पेयजल, शौचालय और आगंतुक पंजी का समुचित संधारण सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।
भूमि विवाद से जुड़े मामलों में जिलाधिकारी ने संबंधित अंचलाधिकारी और थानाध्यक्षों को निर्देश दिया कि प्रत्येक शनिवार को आयोजित जनता से साक्षात्कार कार्यक्रम में दोनों पक्षों को बुलाकर प्राथमिकता के आधार पर मामलों का समाधान करें।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि कोई पदाधिकारी निर्देशों की अनदेखी करता है या अधिकृत अधिकारी की अनुपस्थिति के कारण आमजन को असुविधा होती है, तो संबंधित के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी।










