15 दिन से लापता 13 वर्षीय सत्यम का शव मखाना खेत से बरामद, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी
15 दिन से लापता 13 वर्षीय सत्यम का शव मखाना खेत से बरामद, हत्या की आशंका से इलाके में सनसनी
परिजनों ने गांव के युवक पर जताया संदेह, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज जांच शुरू की
रौतारा थाना क्षेत्र के बहरखाल पंचायत अंतर्गत रमेली गांव में 15 दिनों से लापता 13 वर्षीय किशोर सत्यम कुमार का शव मखाना के खेत से बरामद होने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक के पिता मंगल महतो ने आरोप लगाया कि उनके पुत्र की हत्या कर शव को साक्ष्य छिपाने की नीयत से मखाना के खेत में फेंक दिया गया।
मंगल महतो ने बताया कि लगभग 15 दिन पूर्व उनके पुत्र सत्यम कुमार के लापता होने की लिखित सूचना रौतारा थाना में दी गई थी। उन्होंने बताया कि घटना से पहले गांव के एक युवक के साथ चांदी का पायल बेचने को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान कृष्णा महतो ने कथित रूप से धमकी दी थी कि “तुम्हारे बेटे को गायब कर देंगे।” इस धमकी की जानकारी उन्होंने स्थानीय मुखिया प्रतिनिधि विजय कुशवाहा को भी दी थी। परिजनों का आरोप है कि उन्हें पहले खोजबीन करने की सलाह दी गई, जिसके बाद थाना में आवेदन दिया गया। अब शव मिलने के बाद परिवार को पूरा विश्वास है कि सत्यम की हत्या की गई है।
शुक्रवार को मखाना के खेत से शव बरामद होने की सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची रौतारा थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की प्रक्रिया पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए कटिहार सदर अस्पताल भेज दिया।
रौतारा थानाध्यक्ष लालासर बिंद ने बताया कि मृतक के परिजनों द्वारा 13 वर्षीय सत्यम कुमार के लापता होने की सूचना पूर्व में थाना को दी गई थी। शुक्रवार को उसका शव मखाना के खेत से बरामद हुआ है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की गंभीरता से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल है तथा परिजन दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।










