बारसोई रेलवे स्टेशन पर 512 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद, अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार
KATIHAR – बारसोई रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ ऑपरेशन NARCOS के तहत आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने प्लेटफॉर्म संख्या-1 से करीब 512 ग्राम संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।
बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ 4 लाख 80 हजार रुपये बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान पश्चिम बंगाल के मालदा निवासी 26 वर्षीय राहिल शेख के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, आरपीएफ बारसोई के एसआईपीएफ शुभम कुमार और जीआरपी कुमेदपुर की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा।
तलाशी के दौरान विशेष रूप से तैयार किए गए पांच Energy Drink के कैनों में छिपाकर रखी गई संदिग्ध ब्राउन शुगर बरामद हुई। इसके अलावा आरोपी के पास से एक मोबाइल फोन और रेल टिकट भी मिला।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह यह खेप कालियागंज से कटिहार में एक व्यक्ति तक पहुंचाने जा रहा था।
आरपीएफ ने आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कुमेदपुर रेल थाना को सौंप दिया है। मामले में NDPS Act के तहत केस दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे और कौन-कौन लोग शामिल हैं और मादक पदार्थ की सप्लाई कहां से की जा रही थी।











