बिनोदपुर में अवैध पार्किंग बनी जाम की वजह, घंटों परेशान रहे राहगीर और मरीज
कटिहार के बिनोदपुर इलाके में अवैध पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित नजर आई। सड़क पर बेतरतीब तरीके से खड़े वाहनों के कारण घंटों जाम की स्थिति बनी रही। खास बात यह है कि बिनोदपुर को शहर का डॉक्टर कॉलोनी क्षेत्र भी कहा जाता है, ऐसे में यहां जाम का सीधा असर मरीजों और उनके परिजनों पर भी पड़ रहा है।
तस्वीरें कटिहार के बिनोदपुर की हैं, जहां सड़क पर वाहनों की बेतरतीब पार्किंग के कारण यातायात व्यवस्था चरमराती नजर आई। सड़क के दोनों ओर वाहनों के खड़े होने से रास्ता संकरा हो गया और देखते ही देखते जाम की स्थिति बन गई।स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बिनोदपुर में यह कोई पहली घटना नहीं है। यहां आए दिन घंटों जाम की समस्या बनी रहती है। सबसे बड़ी वजह सड़क किनारे होने वाली अवैध पार्किंग को बताया जा रहा है।बिनोदपुर में कई चिकित्सकों के क्लीनिक और अस्पताल होने के कारण यहां मरीजों और उनके परिजनों की भी आवाजाही रहती है। ऐसे में जाम की वजह से मरीजों को भी काफी परेशानी का सामना करना पड़ता है।
यातायात पुलिस की ओर से लगातार लोगों से अपील की जाती रही है कि सड़क पर या प्रतिबंधित स्थानों पर अपने वाहन पार्क न करें। इसके बावजूद कुछ लोग नियमों की अनदेखी करते हुए सड़क पर वाहन खड़े कर देते हैं।
अब सवाल यह है कि आखिर सड़क पर होने वाली अवैध पार्किंग पर कब तक प्रभावी कार्रवाई होगी? क्या प्रशासन और यातायात पुलिस कोई स्थायी व्यवस्था बनाएगी, ताकि बिनोदपुर के लोगों को रोज-रोज लगने वाले जाम से राहत मिल सके?
कटिहार से शंकर गुप्ता की रिपोर्ट











