कटिहार में शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, 6 गिरफ्तार; 129 लीटर से अधिक शराब जब्त
कटिहार में मद्य निषेध टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग थाना क्षेत्रों में छापेमारी कर 54.280 लीटर विदेशी शराब और 75 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान एक टोटो और एक स्कूटी भी जब्त की गई है।मुख्य कार्रवाई में एक टोटो से 32.280 लीटर विदेशी शराब बरामद हुई। वाहन चालक सुजीत दास, जो पश्चिम बंगाल के हरिश्चंद्रपुर थाना क्षेत्र का निवासी बताया गया है, को गिरफ्तार किया गया।वहीं बारसोई थाना क्षेत्र के बारसोई रेलवे गुमटी से सुबोध कुमार और पूनम देवी को 7.560 लीटर विदेशी शराब के साथ पकड़ा गया। रघुनाथपुर रेलवे गुमटी से वेदानंद मंडल के पास से 5.940 लीटर शराब बरामद हुई।नगर थाना क्षेत्र में अरगड़ा चौक से नवीन कुमार के पास से 6.220 लीटर और विनोदपुर चौक से संतोष मंडल के पास से 2.250 लीटर विदेशी शराब जब्त की गई।इसके अलावा मनिहारी थाना क्षेत्र के लालबाग चौक पर एक स्कूटी से 75 लीटर चुलाई शराब बरामद की गई। हालांकि, इस मामले में आरोपी मौके से फरार हो गया।मद्य निषेध विभाग के अनुसार, कार्रवाई के दौरान कुल 54.280 लीटर विदेशी शराब, 75 लीटर चुलाई शराब, एक टोटो और एक स्कूटी जब्त की गई, जबकि छह अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।











