सासाराम में मजदूर की हत्या पर तेजस्वी यादव का सरकार पर हमला, बोले- अपराधियों में कानून का डर खत्म

सासाराम: दिनारा थाना क्षेत्र में 3 अगस्त को 60 वर्षीय मजदूर श्री चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या के मामले को लेकर नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने बिहार सरकार पर निशाना साधा।

तेजस्वी यादव ने पीड़ित परिवार से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की और परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान की। उन्होंने आरोप लगाया कि मजदूरी का पैसा मांगने पर आदतन अपराधी अजीत तिवारी ने गरीब मजदूर चंदेश्वर चौधरी की गोली मारकर हत्या कर दी।

तेजस्वी यादव ने कहा कि एनडीए सरकार में अपराध चरम पर है और अपराधियों में कानून का डर समाप्त हो चुका है। उन्होंने आरोप लगाया कि किसान-मजदूर, गरीब-निर्बल, शिक्षक-छात्र, कर्मचारी, व्यापारी, अधिकारी, युवा और महिलाएं तक सुरक्षित नहीं हैं।

नेता प्रतिपक्ष ने बिहार सरकार की कानून-व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि प्रदेश में आपराधिक प्रवृत्ति की सरकार बनने के बाद अपराधियों का मनोबल बढ़ गया है। उन्होंने सरकार पर राजनीतिक कटाक्ष करते हुए कहा कि मुख्यमंत्री के कंधे पर भगवा गमछा होने की वजह से इसे कोई ‘जंगलराज’ नहीं कहता।

तेजस्वी यादव ने सरकार से अपराध पर प्रभावी नियंत्रण और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *