15 अगस्त की तैयारियों को लेकर अधिकारियों ने किया विभिन्न स्थलों का निरीक्षण, व्यवस्थाओं को लेकर दिए आवश्यक दिशा-निर्देश
कटिहार, 08 अगस्त 2026। स्वतंत्रता दिवस समारोह को लेकर नगर निगम एवं जिला प्रशासन द्वारा तैयारियों को अंतिम रूप देने की कवायद तेज कर दी गई है। इसी क्रम में आज दिनांक 08.08.2026 को स्वतंत्रता दिवस समारोह के आयोजन एवं विभिन्न व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए शहर के प्रमुख स्थलों का निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम राजेंद्र स्टेडियम, इसके बाद महेश्वरी अकादमी फील्ड तथा बीएमपी मैदान का जायजा लिया गया। अधिकारियों द्वारा समारोह के आयोजन के लिए स्थल की उपयुक्तता, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, विद्युत व्यवस्था, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक तैयारियों का बारीकी से निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस समारोह को ध्यान में रखते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने तथा आयोजन स्थल पर साफ-सफाई एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
इस अवसर पर नगर आयुक्त, अनुमंडल पदाधिकारी (SDM), अपर समाहर्ता (ADM), उप विकास आयुक्त (DDC), नगर निगम के कनीय अभियंता, स्वच्छता पदाधिकारी सहित अन्य पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
अधिकारियों ने कहा कि 15 अगस्त के अवसर पर आयोजित होने वाले स्वतंत्रता दिवस समारोह को व्यवस्थित, भव्य एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध तरीके से पूरी की जा रही हैं।











