प्रतियोगी परीक्षाओं पर सरकार-छात्रों की दूसरे दौर की वार्ता भी बेनतीजा
रांची: झारखंड में प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और गड़बड़ियों को लेकर सरकार और आंदोलनकारी छात्रों के बीच दूसरे दौर की बातचीत भी बेनतीजा रही। मंत्रियों के प्रतिनिधिमंडल के साथ हुई वार्ता में छात्रों ने अपनी मांगों पर स्पष्ट और ठोस कार्रवाई की मांग रखी।
छात्रों का कहना है कि महज आश्वासन से उनकी समस्याओं का समाधान नहीं होगा। वे प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता सुनिश्चित करने, कथित अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े हुए हैं।
वहीं, मामले को लेकर विधायक जयराम महतो ने अनशन का ऐलान कर दिया है। इससे आंदोलन के और तेज होने की संभावना बढ़ गई है।
सरकार और छात्रों के बीच गतिरोध खत्म करने के लिए अब अगले दौर की बैठक कल दोपहर 12 बजे प्रस्तावित है। इस बैठक में सरकार की ओर से छात्रों की मांगों पर क्या ठोस फैसला लिया जाता है, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं।











