सुपौल जिला परिषद की विशेष बैठक में विकास योजनाओं के चयन पर बनी सहमति
सुपौल: जिला परिषद, सुपौल की विशेष बैठक जिला परिषद अध्यक्ष श्रीमती कमला देवी की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में जिला परिषद के माननीय सदस्य एवं संबंधित पदाधिकारी उपस्थित रहे। बैठक की कार्यवाही मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी श्री इन्द्रवीर कुमार, बि०प्र०से० के साथ एजेंडावार चर्चा के साथ आगे बढ़ाई गई।
बैठक में वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 16वें वित्त आयोग एवं षष्टम राज्य वित्त आयोग के अंतर्गत ली जाने वाली विकास योजनाओं के चयन को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने विभागीय दिशा-निर्देशों और योजनाओं के चयन से संबंधित प्रावधानों की जानकारी सभी सदस्यों को दी।
इस दौरान सदस्यों से उनके-अपने क्षेत्र में आवश्यक विकास योजनाओं को लेकर राय ली गई। सभी सदस्यों ने जल्द से जल्द योजनाओं का चयन करने पर सहमति जताई।
बैठक में 16वें वित्त आयोग की अनुशंसा के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 से 2030-31 तक भारत सरकार से प्राप्त होने वाले अनुदान के त्रिस्तरीय पंचायत राज संस्थाओं के बीच वितरण, उपयोग, क्रियान्वयन, व्यय एवं अंकेक्षण से संबंधित विभागीय दिशा-निर्देशों की भी जानकारी दी गई।
मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी ने सदस्यों से भारत सरकार द्वारा निर्धारित अर्हताओं एवं शर्तों का पालन करते हुए योजनाओं का चयन करने का अनुरोध किया। साथ ही सभी सदस्यों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने क्षेत्र की 16वें वित्त आयोग एवं षष्टम राज्य वित्त आयोग के तहत चयनित योजनाओं की सूची 12 अगस्त 2026 तक जिला परिषद कार्यालय को उपलब्ध कराएं, ताकि योजनाओं की समेकित सूची तैयार कर समय पर विभागीय पोर्टल पर अपलोड की जा सके











