सावन की दूसरी सोमवारी से पहले बाबा गोरखनाथ धाम पहुंचे प्रभारी एसपी सद्दाम हुसैन , सुरक्षा व्यवस्था का लिया जायजा

कटिहार। सावन की दूसरी सोमवारी को बाबा गोरखनाथ धाम में उमड़ने वाली श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट है। इसी क्रम में रविवार को कटिहार के प्रभारी पुलिस अधीक्षक सद्दाम हुसैन आजमनगर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक बाबा गोरखनाथ धाम पहुंचे और मंदिर परिसर सहित आसपास की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

मंदिर परिसर पहुंचने पर मंदिर कमेटी की ओर से प्रभारी एसपी को अंगवस्त्र एवं पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके बाद उन्होंने मंदिर परिसर, प्रवेश एवं निकास मार्ग तथा श्रद्धालुओं की आवाजाही वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया।

प्रभारी एसपी ने थानाध्यक्ष सहित संबंधित पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुचारु यातायात और भीड़ नियंत्रण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, पर्याप्त बैरिकेडिंग और लगातार निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

गौरतलब है कि सावन की दूसरी सोमवारी पर बड़ी संख्या में शिवभक्त बाबा गोरखनाथ धाम पहुंचकर जलाभिषेक करते हैं। श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए प्रशासन की ओर से सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है।

इस दौरान मंदिर कमेटी के सचिव पिंटू यादव, उपाध्यक्ष अक्षय कुमार सिंह, सक्रिय सदस्य सनी यादव, बरसो इंस्पेक्टर तरुण कुमार एवं सालमारी थानाध्यक्ष कुमारी जूली सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *