क्या फिर साथ आएंगे अकाली दल और BJP? मोदी-बादल मुलाकात के बाद गठबंधन की चर्चा तेज
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) प्रमुख सुखबीर सिंह बादल की मुलाकात के बाद पंजाब की राजनीति में एक बार फिर BJP और अकाली दल के संभावित गठबंधन को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
इसी बीच भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष केवल सिंह ढिल्लों और प्रदेश संगठन महामंत्री श्रीनिवासुलु को दिल्ली बुलाए जाने की खबर है। बताया जा रहा है कि दोनों नेताओं की भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन से मुलाकात हो सकती है।
दिल्ली में होने वाली संभावित बैठक में पंजाब के मौजूदा राजनीतिक हालात के साथ-साथ 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना जताई जा रही है।
BJP और अकाली दल लंबे समय तक पंजाब में गठबंधन के साथी रहे हैं, हालांकि बाद में दोनों दल अलग हो गए थे। अब मोदी और सुखबीर बादल की मुलाकात के बाद राजनीतिक गलियारों में सवाल उठ रहा है कि क्या दोनों पार्टियां एक बार फिर चुनावी गठबंधन की राह पर लौटेंगी?
फिलहाल गठबंधन को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन दिल्ली में होने वाली बैठकों को आगामी पंजाब विधानसभा चुनाव के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है।











