नवादा में साइबर ठगी गिरोह पर पुलिस का शिकंजा, 3 साइबर अपराधी गिरफ्तार
नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना क्षेत्र में पुलिस ने साइबर अपराध के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन साइबर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 03 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और कस्टमर डेटा बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 08 अगस्त 2026 को गुप्त सूचना के आधार पर वारिसलीगंज थाना पुलिस ने छापेमारी की। इस दौरान तीन संदिग्धों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा ग्राहकों के मोबाइल नंबर और अन्य डेटा का इस्तेमाल कर लोन दिलाने के नाम पर ठगी किए जाने की बात सामने आई।
पुलिस ने बरामद मोबाइल और कस्टमर डेटा को जांच के लिए कब्जे में ले लिया है। मामले में संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई से साइबर ठगी करने वाले गिरोहों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपियों ने कितने लोगों को अपना शिकार बनाया और इनके नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।










