मुजफ्फरपुर में कांवरिया लेन में घुसी डायल-112 की गाड़ी, आराम कर रहे कांवरिया के पैर पर चढ़ा पहिया, पुलिस ने की पुष्टि
मुजफ्फरपुर में कांवरिया लेन में घुसी डायल-112 की गाड़ी, आराम कर रहे कांवरिया के पैर पर चढ़ा पहिया, पुलिस ने की पुष्टि
मुजफ्फरपुर। कांवरिया यात्रा के दौरान मुजफ्फरपुर में बड़ा हादसा टल गया। तुर्की थाना क्षेत्र के तुर्की ओवरब्रिज के पास कांवरिया लेन में डायल-112 की गाड़ी प्रवेश कर गई। इसी दौरान सड़क किनारे आराम कर रहे एक कांवरिया के पैर पर वाहन का पहिया चढ़ गया।
घायल कांवरिया की पहचान जाफरपुर निवासी नंदेश्वर पासवान के रूप में हुई है। हादसे के बाद साथी कांवरियों ने उन्हें तत्काल पास के मेडिकल कैंप पहुंचाया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया। फिलहाल एक ही कांवरिया के घायल होने की जानकारी सामने आई है।
बताया जा रहा है कि नंदेश्वर पासवान करीब 20 सदस्यीय कांवरिया जत्थे के साथ पहलेजा से जल लेकर बाबा गरीबनाथ धाम जा रहे थे। शनिवार रात तुर्की ओवरब्रिज के पास जत्था कुछ देर आराम करने के लिए रुका था। इसी दौरान डायल-112 की गाड़ी धीरे-धीरे कांवरिया लेन में पहुंची और वाहन का पहिया नंदेश्वर पासवान के पैर पर चढ़ गया।
घटना के बाद कांवरिया लेन में वाहनों के प्रवेश को लेकर सवाल उठने लगे हैं। हालांकि डीएसपी अनिमेष चंद्र ज्ञानी के अनुसार, शुरुआती जांच में घटना गलती से हुई प्रतीत हो रही है। उन्होंने बताया कि घायल कांवरिया का तत्काल मेडिकल कैंप में इलाज कराया गया है।
पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाई है और डायल-112 के चालक से पूछताछ कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।










