मुजफ्फरपुर में हेलीकॉप्टर से हुई फूलों की बारिश, बाबा गरीबनाथ धाम में भक्तिमय हुआ माहौल
मुजफ्फरपुर। सावन की दूसरी सोमवारी पर बाबा गरीबनाथ की नगरी मुजफ्फरपुर में आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। बाबा गरीबनाथ धाम में जलाभिषेक के लिए पहुंचे कांवड़ियों और श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा की गई। आसमान से बरसते फूलों के बीच श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयकारे लगाए।
राज्य सरकार और पर्यटन विभाग की ओर से कांवड़ियों के स्वागत के लिए पहली बार हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई गई। बाबा गरीबनाथ मंदिर के अलावा रामदयालु, हरिसभा चौक, साहू पोखर और जिला स्कूल के आसपास कांवड़ियों पर फूल बरसाए गए।
हालांकि, सुबह मौसम खराब होने और आसमान में बादल छाए रहने के कारण निर्धारित समय पर हेलीकॉप्टर उड़ान नहीं भर सका। मौसम अनुकूल होने के बाद पुष्प वर्षा शुरू हुई। हेलीकॉप्टर के आसमान में पहुंचते ही कांवड़ियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला। श्रद्धालुओं ने इस खास पल को अपने मोबाइल कैमरों में भी कैद किया।
बाबा गरीबनाथ मंदिर के पुजारी अभिषेक पाठक ने बताया कि दूसरी सोमवारी पर करीब तीन लाख श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक किया। उन्होंने कहा कि उनकी जानकारी के अनुसार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की पहल से कांवड़ियों पर हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा कराई गई है।
कांवड़िए पहलेजा घाट से गंगाजल लेकर करीब 85 किलोमीटर की पैदल यात्रा करते हुए बाबा गरीबनाथ धाम पहुंचते हैं और भगवान शिव का जलाभिषेक करते हैं।
हेलीकॉप्टर से फूलों की बारिश ने कांवड़ियों के उत्साह को और बढ़ा दिया। भारी भीड़ के बीच जिला प्रशासन और पुलिस की ओर से सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए गए।
आसमान से बरसते फूल, सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब और चारों ओर गूंजते हर-हर महादेव के जयकारों ने पूरे मुजफ्फरपुर को शिवमय कर दिया।










