बिहार के 1.01 करोड़ पेंशनधारियों के खाते में ₹1100 की पेंशन राशि ट्रांसफर, सुपौल के 2.54 लाख लाभार्थियों को मिला लाभ
सुपौल। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों के लिए बड़ी खबर है। 10 अगस्त 2026 को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से राज्यभर के 1 करोड़ 1 लाख 32 हजार 888 लाभार्थियों के बैंक खातों में जुलाई 2026 की पेंशन राशि डीबीटी के जरिए हस्तांतरित की गई।
प्रत्येक लाभार्थी के खाते में 1100 रुपये की पेंशन राशि भेजी गई। इस दौरान राज्यभर में कुल 11 अरब 57 करोड़ 71 लाख 84 हजार 700 रुपये की राशि का अंतरण किया गया।
वहीं, सुपौल जिले के 2 लाख 54 हजार 143 लाभार्थियों के बैंक खातों में कुल 28 करोड़ 80 लाख 93 हजार 200 रुपये की राशि भेजी गई।
सुपौल जिले में मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1 लाख 66 हजार 941, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 47 हजार 294, लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 11 हजार 303, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 13 हजार 243, बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 14 हजार 593 और इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 769 लाभार्थियों को पेंशन का लाभ मिला।
इस अवसर पर सुपौल जिला मुख्यालय स्थित लहटन चौधरी सभागार में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में 100 से अधिक पेंशन लाभार्थियों के साथ जिलाधिकारी श्री सावन कुमार, उप विकास आयुक्त श्री इन्द्रवीर कुमार समेत कई जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे।
पेंशन राशि के समय पर डीबीटी के माध्यम से खाते में पहुंचने पर लाभार्थियों ने सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।










