कटिहार के 2.77 लाख पेंशनधारियों के खाते में ₹32.06 करोड़ ट्रांसफर, DBT से मिली ₹1100 की पेंशन

कटिहार। सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के लाभुकों के लिए बड़ी खबर है। 10 अगस्त 2026, सोमवार को मुख्यमंत्री, बिहार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के तहत 1100 रुपये मासिक पेंशन राशि का डीबीटी के माध्यम से अंतरण किया गया।

इस अवसर पर कटिहार जिला मुख्यालय स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जिला पदाधिकारी कटिहार के साथ जिला प्रशासन के वरीय पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लाभुक सभागार से जुड़े। कार्यक्रम का लाइव प्रसारण भी देखा गया।

कटिहार जिले में जुलाई 2026 की पेंशन राशि के रूप में कुल 2 लाख 77 हजार 671 लाभुकों के बीच 32 करोड़ 6 लाख 71 हजार रुपये डीबीटी के माध्यम से वितरित किए गए।

योजनावार आंकड़ों की बात करें तो इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वृद्धावस्था पेंशन योजना के 54,194 लाभुकों को 6 करोड़ 2 लाख 22 हजार 800 रुपये, मुख्यमंत्री वृद्धजन पेंशन योजना के 1,46,460 लाभुकों को 17 करोड़ 25 लाख रुपये दिए गए।

वहीं, इंदिरा गांधी राष्ट्रीय विधवा पेंशन योजना के 19,673 लाभुकों को 2 करोड़ 32 लाख 86 हजार 700 रुपये और लक्ष्मीबाई सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजना के 25,106 लाभुकों को 2 करोड़ 83 लाख 62 हजार 600 रुपये की राशि मिली।

इसके अलावा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय निःशक्तता पेंशन योजना के 1,410 लाभुकों को 15 लाख 55 हजार 400 रुपये तथा बिहार निःशक्तता पेंशन योजना के 30,828 लाभुकों को 3 करोड़ 47 लाख 43 हजार 500 रुपये का भुगतान किया गया।

इस तरह कटिहार जिले के हजारों बुजुर्गों, विधवा महिलाओं और दिव्यांग लाभुकों को पेंशन की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्राप्त हुई।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *