चीन में तूफान ‘डॉल्फिन’ का कहर, भारी बारिश से बढ़ा खतरा
चीन के पूर्वी तट की ओर बढ़ रहे तूफान ‘डॉल्फिन’ का असर अब दिखाई देने लगा है। तूफान के चलते कई इलाकों में भारी बारिश और तेज हवाओं का खतरा बना हुआ है।
पिछले 24 घंटे में करीब 350 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई है। तूफान के खतरे को देखते हुए शंघाई में करीब 1300 उड़ानें रद्द कर दी गई हैं। प्रशासन ने समुद्री इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ा दी है।
शंघाई के यांगशान पोर्ट से 500 से ज्यादा जहाजों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है, ताकि तूफान के दौरान किसी बड़े हादसे को टाला जा सके।
वहीं, झेजियांग प्रांत के ताईझोऊ इलाके में तूफान के संभावित खतरे को देखते हुए करीब 10 लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों पर शिफ्ट किया गया है।
प्रशासन की ओर से लोगों को सतर्क रहने और समुद्र के आसपास जाने से बचने की सलाह दी गई है। राहत और बचाव एजेंसियों को भी अलर्ट पर रखा गया है। आने वाले घंटों में तूफान की दिशा और इसकी तीव्रता पर लगातार नजर रखी जा रही है।










