एक्ट्रेस के घर ₹1 करोड़ की चोरी, बिहार से मुख्य आरोपी गिरफ्तार

मुंबई में ‘बिग बॉस’ फेम एक्ट्रेस लोपामुद्रा राउत के घर करीब 1 करोड़ रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी को बिहार से गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान 26 वर्षीय चंदन कमलेश मुखिया के रूप में बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से करीब 76 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई है।

जांच में सामने आया है कि आरोपी कथित तौर पर चोरी के पैसों से अपनी बहन के नाम पर जमीन खरीदने की कोशिश कर रहा था। पुलिस अब चोरी की रकम और उससे खरीदी गई या खरीदे जाने वाली संपत्ति के बारे में जानकारी जुटा रही है।

बताया जा रहा है कि यह चोरी 20 जून से 27 जुलाई के बीच हुई, जब लोपामुद्रा राउत शहर से बाहर थीं। इसी दौरान आरोपी ने उनके सांताक्रूज स्थित घर को निशाना बनाया।

पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि चोरी की वारदात में उसके साथ कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं। मामले में आगे की जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *