वार्ड 28 में विकास कार्यों का महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने किया निरीक्षण, अधिकारियों को दिए निर्देश
कटिहार। नगर निगम क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता सुनिश्चित करने को लेकर महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने वार्ड संख्या 28 के बार बाजार एवं शिव मंदिर चौक क्षेत्र का स्थल निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान महापौर ने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति, कार्य की गुणवत्ता और मौके पर की जा रही गतिविधियों का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने तथा निर्माण में अनावश्यक विलंब नहीं करने का निर्देश दिया।
महापौर ने स्थानीय नागरिकों से भी बातचीत कर क्षेत्र की समस्याओं, आवश्यकताओं और सुझावों की जानकारी ली। उन्होंने लोगों को आश्वस्त किया कि नगर निगम की ओर से जनसुविधाओं के विस्तार और विकास कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
महापौर ऊषा देवी अग्रवाल ने कहा कि “जनता की सुविधा और गुणवत्तापूर्ण विकास नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।” उन्होंने कहा कि वार्डों में चल रहे विकास कार्यों की नियमित निगरानी की जा रही है, ताकि योजनाओं का लाभ समय पर आम नागरिकों तक पहुंच सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि नगर निगम क्षेत्र के सभी वार्डों में जरूरत के अनुसार विकास कार्यों को गति दी जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाए।











