कटिहार में बढ़ती छिनतई से लोगों में दहशत, राजद नेता ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल

कटिहार। शहर में लगातार सामने आ रही छिनतई और चेन स्नैचिंग की घटनाओं को लेकर लोगों में भय का माहौल है। राजद के निवर्तमान प्रदेश महासचिव कुणाल ने शहर में बढ़ती आपराधिक घटनाओं को लेकर पुलिस प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल उठाए हैं।

उन्होंने कहा कि शहर के अलग-अलग इलाकों में महिलाओं के गले से सोने की चेन छीनने की घटनाएं सामने आ रही हैं। अब पुरुष भी अपराधियों के निशाने पर हैं। ऐसे में लोगों के लिए कीमती जेवर पहनकर घर से बाहर निकलना जोखिम भरा होता जा रहा है।

कुणाल के मुताबिक, पिछले कुछ दिनों में दिनदहाड़े छिनतई की घटनाएं हुई हैं। सहायक थाना क्षेत्र में रेलवे स्टेशन के बाहर जेपी चौक के पास पूर्व रेलवे कर्मचारी की पत्नी रीना झा से कथित तौर पर कीमती जेवर छीने गए। इसके दो दिन बाद जीसो फैक्ट्री के पास उज्ज्वल कुंडू नामक व्यक्ति से कथित रूप से कीमती चेन स्नैचिंग की घटना सामने आई।

राजद नेता ने आरोप लगाया कि लोगों की सुरक्षा को लेकर कटिहार पुलिस गंभीर नहीं है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से शहर में गश्त बढ़ाने, संदिग्ध अपराधियों पर नजर रखने और छिनतई की घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की।

उन्होंने लोगों से भी सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा कि फिलहाल सड़कों पर निकलते समय कीमती जेवर पहनने से बचें। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “बिहार में पुलिस सुस्त और अपराधी चुस्त हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *