भागलपुर में बाइक की टक्कर से युवती और युवक घायल, प्राथमिक उपचार के बाद मायागंज रेफर
भागलपुर: पीरपैंती बाजार से रेलवे स्टेशन जाने वाली मुख्य सड़क पर सड़क पार करते समय बाइक की टक्कर से एक युवती और बाइक चालक घायल हो गए। हादसे में दोनों को गंभीर चोटें आईं। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल, भागलपुर रेफर किया गया।
घायल युवती की पहचान दुलदुलिया गांव निवासी जीछु मंडल की पुत्री प्रीति कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि वह बैंक जाने के लिए सड़क पार कर रही थीं। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक की चपेट में आ गईं और सड़क पर गिर गईं। हादसे में उनके दाहिने पैर में गंभीर चोट लगी है और फ्रैक्चर की आशंका जताई गई है।
वहीं बाइक चालक की पहचान खवासपुर निवासी नीतीश कुमार के रूप में हुई है। नीतीश कुमार के मुताबिक, सड़क पार करते समय युवती अचानक बाइक के सामने आ गईं, जिससे बाइक का संतुलन बिगड़ गया और दुर्घटना हो गई। हादसे में उनके बाएं पैर समेत शरीर के कई हिस्सों में चोटें आई हैं।
स्थानीय लोगों ने पहुंचाया अस्पताल
घटना के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल पीरपैंती रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। स्थिति को देखते हुए दोनों को बेहतर इलाज के लिए मायागंज अस्पताल रेफर कर दिया गया।
रिपोर्ट: KTN News Desk
Published: 30 September 2026











