अक्षरा के लिए पवन सिंह से भिड़ गई थीं आम्रपाली दुबे, बोलीं- ‘काम छिनने के डर के बावजूद निभाई दोस्ती’
भोजपुरी इंडस्ट्री की मशहूर अभिनेत्री आम्रपाली दुबे ने टॉक शो ‘भोजपुरी बवाल’ में अक्षरा सिंह और पवन सिंह को लेकर बड़ा खुलासा किया है।
आम्रपाली दुबे ने बताया कि एक मुश्किल दौर में उन्होंने अक्षरा सिंह का खुलकर साथ दिया था। उनका कहना है कि उस समय उन्हें इंडस्ट्री में काम छिनने का डर भी था, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने अपनी दोस्ती को प्राथमिकता दी और अक्षरा का साथ नहीं छोड़ा।
आम्रपाली ने दावा किया कि बात इतनी बढ़ गई थी कि पवन सिंह की शादी के दिन भी वह अक्षरा के लिए उनसे भिड़ गई थीं। उन्होंने कहा कि उनके लिए यह सिर्फ दोस्ती का मामला था और वह मुश्किल समय में अपनी दोस्त के साथ खड़ी थीं।
हालांकि, आम्रपाली ने अक्षरा सिंह के उस बयान पर दुख जताया, जिसमें अक्षरा ने कहा था कि मुश्किल वक्त में किसी ने उनका साथ नहीं दिया। आम्रपाली का कहना है कि उन्होंने अपनी तरफ से दोस्ती निभाने में कोई कमी नहीं छोड़ी, इसलिए यह बात उन्हें काफी तकलीफ पहुंची।
आम्रपाली दुबे के इस खुलासे के बाद भोजपुरी इंडस्ट्री में एक बार फिर अक्षरा सिंह और पवन सिंह के पुराने विवाद की चर्चा तेज हो गई है। उनके बयान ने सोशल मीडिया पर भी लोगों का ध्यान खींचा है।











