कटिहार में बाल श्रम के खिलाफ कार्रवाई, नर्सरी और मखाना फोड़ी से 5 बाल श्रमिक मुक्त
कटिहार में बाल श्रम के खिलाफ जिला प्रशासन की ओर से बड़ी कार्रवाई की गई है। जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी के निर्देश पर गठित बाल एवं किशोर श्रम उन्मूलन धावा दल ने जिले के अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर पांच बाल श्रमिकों को मुक्त कराया।
श्रम अधीक्षक पीटर मिंज के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के दौरान सदर प्रखंड के दलन स्थित जय भारत नर्सरी में काम कर रहे दो बाल श्रमिकों को मुक्त कराया गया। वहीं कदवा प्रखंड के सागरथ में मखाना फोड़ी केंद्र पर काम कर रहे तीन बाल श्रमिकों को भी मुक्त कराया गया।
श्रम विभाग के मुताबिक, सभी संबंधित नियोजकों के खिलाफ बाल श्रम कानून के तहत प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने साफ किया है कि जिले के मखाना फोड़ी केंद्रों पर विशेष निगरानी अभियान चलाया जाएगा और जहां भी बाल श्रमिक पाए जाएंगे, उन्हें मुक्त कराने के साथ दोषी नियोजकों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
मुक्त कराए गए सभी बच्चों को बाल कल्याण समिति, कटिहार के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। राज्य कार्य योजना के तहत इन बच्चों के समुचित पुनर्वास की प्रक्रिया भी शुरू की जाएगी।
धावा दल में जिले के विभिन्न प्रखंडों के श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी और सामाजिक संगठन के प्रतिनिधि शामिल रहे। श्रम विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले में बाल श्रम कराने वाले नियोजकों में हड़कंप की स्थिति है।











