खरीफ फसल की बुआई 99 फीसदी पूरी, किसान रजिस्ट्री में कटिहार राज्य में दूसरे स्थान पर
कटिहार में जिला स्तरीय कृषि टास्क फोर्स की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। समाहरणालय के सभाकक्ष में हुई बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी ने की। बैठक में शारदीय यानी खरीफ फसल, किसान रजिस्ट्री, उर्वरक की उपलब्धता और कृषि विभाग की विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।
बैठक में बताया गया कि खरीफ वर्ष 2026 में विभिन्न फसलों के लिए कुल 1 लाख 979.94 हेक्टेयर क्षेत्र में आच्छादन का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके मुकाबले धान की बुआई 92 हजार 138.44 हेक्टेयर क्षेत्र में पूरी हो चुकी है, जो करीब 99 प्रतिशत है।
अत्यधिक बारिश, बाढ़ या अनावृष्टि जैसी स्थिति को देखते हुए आकस्मिक फसल योजना भी तैयार की गई है, ताकि प्रतिकूल मौसम की स्थिति में किसानों को परेशानी न हो।
वहीं, जिले में खरीफ मौसम के लिए सभी प्रकार के उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध होने की जानकारी दी गई। किसानों को उचित मूल्य पर उर्वरक उपलब्ध कराने के लिए लगातार निगरानी और निरीक्षण किया जा रहा है।
किसान रजिस्ट्री के मामले में कटिहार ने महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की है। 20 अगस्त तक जिले में 2 लाख 24 हजार 308 किसानों की किसान रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है। इस उपलब्धि के साथ कटिहार जिला पूरे बिहार में दूसरे स्थान पर है। 20 से 25 अगस्त तक सभी पंचायतों में विशेष अभियान चलाकर किसान रजिस्ट्री का कार्य किया जा रहा है।
बैठक में यह भी बताया गया कि किसानों तक कृषि योजनाओं की सीधी जानकारी पहुंचाने के लिए बनाए गए बिहार कृषि ऐप के माध्यम से अब तक कटिहार जिले में 55 हजार 534 किसानों का निबंधन किया जा चुका है।
बैठक में पशुपालन, मत्स्य, गव्य, सिंचाई और लघु सिंचाई समेत अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का समय पर और प्रभावी तरीके से क्रियान्वयन सुनिश्चित करने तथा अगली बैठक में अद्यतन प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने का निर्देश दिया।











