बिहार में छात्रों का प्रदर्शन उग्र, पुलिस ने किया लाठीचार्ज; वॉटर कैनन से खदेड़ा

पटना। बिहार की राजधानी पटना में अपनी विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे छात्रों और पुलिस के बीच मंगलवार को झड़प हो गई। मुख्यमंत्री आवास का घेराव करने जा रहे प्रदर्शनकारी छात्रों को पुलिस ने रोकने की कोशिश की, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस ने लाठीचार्ज किया और वॉटर कैनन का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के दौरान एक छात्र के घायल होने की भी खबर है। बताया जा रहा है कि छात्र के सिर में चोट लगी है।

प्रदर्शन कर रहे छात्रों का कहना है कि वे अपनी मांगों को लेकर सरकार का ध्यान आकर्षित करने के लिए मुख्यमंत्री आवास की ओर जा रहे थे। पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था का हवाला देते हुए उन्हें आगे बढ़ने से रोक दिया।

वहीं, पटना के डाकबंगला चौराहे के पास टाउनशिप के विरोध में प्रदर्शन कर रहे किसानों और पुलिस के बीच भी झड़प की सूचना है। एक ही दिन राजधानी में छात्रों और किसानों के अलग-अलग प्रदर्शन के दौरान पुलिस के साथ टकराव से माहौल गरमा गया।

घटनाओं के बाद पुलिस ने प्रदर्शन स्थल पर सुरक्षा बढ़ा दी है। फिलहाल प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है और पूरे घटनाक्रम को लेकर विस्तृत जानकारी का इंतजार है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *