सब्जी की खरीद में प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को मिलेगी प्राथमिकता, DM ने दिए निर्देश
कटिहार समाहरणालय सभागार में शुक्रवार को जिला पदाधिकारी आशुतोष द्विवेदी की अध्यक्षता में जिले के सभी प्रखंड स्तरीय प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों के अध्यक्षों के साथ बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न सरकारी योजनाओं और संस्थानों के लिए सब्जियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने में प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने को लेकर चर्चा की गई।
बैठक में जिला सहकारिता पदाधिकारी, जिला परियोजना प्रबंधक जीविका, जिला कल्याण पदाधिकारी और जिला कार्यक्रम पदाधिकारी, पीएम पोषण योजना समेत संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
जिला पदाधिकारी ने पीएम पोषण योजना के तहत संचालित जिले के सभी विद्यालयों में मध्याह्न भोजन के लिए सब्जी की आपूर्ति में प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया। इसके लिए सभी विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी करने को कहा गया।
इसी तरह जीविका की दीदी की रसोई के लिए सब्जी उपलब्ध कराने में भी प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों को प्राथमिकता देने का निर्देश दिया गया। जिला कल्याण पदाधिकारी को अपने विभाग से संबंधित संस्थानों में भी इसी व्यवस्था को लागू कराने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने जिला सहकारिता पदाधिकारी को सभी संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य करने का निर्देश दिया, ताकि प्राथमिक सब्जी सहकारी समितियों के माध्यम से किसानों और सब्जी उत्पादकों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके।











